13 मार्च की रात 10:37 बजे के बाद जलेगी होलिका-CM योगी भक्त प्रह्लाद की उतारेंगे आरती

UP / Uttarakhand

(गोरखपुर UP)09मार्च,2025.

होलिका दहन 13 मार्च की रात 10:37 बजे भद्रा समाप्त होने के बाद किया जाएगा। शहर में 635 स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां चल रही हैं। 13 को ही पांडेयहाता से श्रीश्री होलिका दहन उत्सव समिति की ओर से भक्त प्रहलाद की पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

ज्योतिषाचार्य जोखन शास्त्री ने बताया कि फाल्गुन पूर्णिमा को भद्रा सुबह 10:02 बजे लग रहा है जो रात 10:36 तक रहेगा। भद्रा समाप्त होने के बाद ही होलिका दहन किया जाता है। होलिका पूजन में गोबर से बने कंडे, जौ, चना और गेहूं की बालियों का उपयोग होता है।

पंडित विकास मालवीय के अनुसार होलिका दहन असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। कथा के अनुसार, हिरण्यकशिपु की बहन होलिका को आग में न जलने का वरदान था। उसने भगवान विष्णु के भक्त प्रह्लाद को मारने के लिए आग में बैठाया, लेकिन विष्णु कृपा से प्रह्लाद बच गए और होलिका जलकर भस्म हो गई। तभी से बुराई के अंत और अच्छाई की जीत के रूप में होलिका दहन की परंपरा चली आ रही है।

भक्त प्रहलाद की आरती उतारेंगे सीएम योगी:
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ हर साल होली से पहले पांडेयहाता में आयोेजित होलिका दहन शोभायात्रा में शामिल होते हैं। होलिका दहन उत्सव समिति के अध्यक्ष विपिन पटवा ने बताया कि इस बार भी सीएम योगी 13 मार्च को होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे व भक्त प्रहलाद की आरती उतार कर फूलों की होली खेलेंगे। इसके बाद शोभायात्रा निकलेगी। रात में होलिका दहन होगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *