( नई दिल्ली ) 30जून,2025.
दिल्ली सरकार 3 जुलाई,2025 को भारत मंडपम में वन महोत्सव का उद्घाटन करेगी। इसमें पर्यावरणविद, उद्योगपति, छात्र और दिल्ली के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसमें पेड़, औषधीय पौधों, बायोडिग्रेडेबल उत्पादों और गार्डनिंग टूल्स की प्रदर्शनी लगेगी। इसमें 50 से ज्यादा स्टॉल होंगे। यहां से लोग अपने घर के लिए पौधे ले जा सकेंगे।
सरकार ने इस मानसून सीजन में दिल्लीवासियों को साथ लेकर करीब 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। मां के नाम पेड़ लगाने की मुहिम भी तेज होगी। इसमें सड़कों से लेकर गलियों में भी पौधे लगाए जाएंगे। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, वन महोत्सव सिर्फ पेड़ लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों को प्रकृति से जोड़ने का उत्सव है। इसे जन आंदोलन बनाया जा रहा है।
1 से 31 जुलाई तक हर दिन खास शख्सियतें वैज्ञानिक, खिलाड़ी, समाजसेवी, अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाएंगे। सभी विधायक, पार्षद और आम लोग मिलकर पौधरोपण करेंगे, जिनकी निगरानी वन विभाग करेगा। हर पेड़ पर मां के नाम की पट्टिका लगेगी। सोशल मीडिया, कहानियों और प्रचार के जरिए इसे जन आंदोलन बनाया जाएगा। एनडीएमसी, एमसीडी, डीडीए, दिल्ली पुलिस और कई विभाग मिलकर इस अभियान को कामयाब बनाएंगे। यह अभियान दिल्ली सरकार के वायु प्रदूषण शमन योजना 2025 का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य हवा की गुणवत्ता में सुधार करना है।(साभार एजेंसी)