डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में तैयार होगी सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल

Uttar Pradesh

(झांसी,UP)23सितम्बर,2025.

झांसी नोड स्थित जनरल विपिन रावत डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल तैयार होंगी। इसकी तैयारियों में भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) तेजी से जुटी है। इससे जुड़े अफसरों का कहना है कि मिसाइल निर्माण के लिए आवश्यक ढांचा भी तैयार किया जा रहा है। कुछ समय में यह काम पूरा हो जाएगा। यहां आवश्यक संसाधन जुटाने के बाद इनका निर्माण भी आरंभ होगा।

डिफेंस कॉरिडोर का झांसी नोड एरच में 1034 हेक्टेयर जमीन में विकसित किया जा रहा है। यूपीडा इन दिनों यहां सड़क समेत अन्य आधारभूत ढांचा तैयार करने में जुटा है। वहीं, रक्षा कंपनियां भी अपना काम तेजी से पूरा करने में जुटी हैं। कंपनी के अफसरों ने बताया कि 183 हेक्टेयर भूमि में कई वर्कशाप बनाए जा रहे हैं। यहां अत्याधुनिक रक्षा उपकरण भी तैयार होंगे। खास तौर से ब्रह्मोस मिसाइल तैयार होगी। यहां इसके मुख्य पार्ट भी तैयार होंगे। इसके लिए अत्याधुनिक क्षमता से युक्त वर्कशाप बनाया जा रहा है। उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी के मुताबिक, बीडीएल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही यहां उत्पादन आरंभ होगा।

यह है ब्रह्मोस मिसाइल की खासियत

कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि ब्रह्मोस मिसाइल सबसे घातक हथियार है। इसकी मारक क्षमता 290-400 किलोमीटर और गति मैक 2.8 (ध्वनि की गति से लगभग तीन गुणा) है। यह मिसाइल जमीन, हवा, और समुद्र से लांच की जा सकती है और ‘फायर एंड फारगेट’ सिद्धांत पर काम करती है, जिससे यह दुश्मन के राडार से बचकर सटीक निशाना लगा सकती है।

7 हजार करोड़ के निवेश समेत 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

डिफेंस कॉरिडोर में 7 हजार करोड़ के 25 एमओयू हुए हैं। इनको जमीन उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही 14 बैनामे हो गए। यहां डिफेंस कॉरिडोर न सिर्फ रक्षा उत्पादन की दिशा में कार्य करेगा, बल्कि रोजगार सृजन का भी आधार बनेगा। यहां करीब 20 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

इन 14 इकाईं को भी मिली जमीन

विजय त्रिशूल डिफेंस सोल्यूशन प्रालि, डब्लूटीएफ इंजीनियरिंग प्रालि, माइक्रोन इंस्टूमेंट्स प्रालि, ज्यामां सोल्यूशन प्रालि, एविगवे टेक्नॉलोजी प्रालि, नवभारत डिफेंस सिस्टम प्रालि, नेक्स्ट स्र्टार टेकविजन, ग्लोबल टेक्नोस्टार्ट, फेर्रिटेर्राें इंडिया प्रालि, ग्लोबल इंजीनियरिंग लि, सदाशिव शक्ति डिफेंस प्रालि, डब्लूबी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया प्रालि, मुरारी इंजीनियरिंग लोरेंकों डिफेंस प्रालि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *