(वाराणसी,UP)21अक्टूबर,2025.
बनारस रेल इंजन कारखाना की ओर से बनवाया गया 3300 एचपी वाला स्वदेशी एसी डीजल इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव इंजन मोजांबिक में रेल पटरियों पर दौड़ेगा। बरेका महाप्रबंधक नरेशपाल सिंह ने इंजन को रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस साल का चौथा रेल इंजन है, जिसको बनाकर रवाना किया गया।
बरेका महाप्रबंधक ने बताया कि राइट्स के माध्यम से 10 इंजनों के निर्माण एवं निर्यात अनुबंध के अंतर्गत इंजन बनवाया जा रहा है। इसमें पहले दो इंजन जून 2025 में, तीसरा सितंबर में और चौथा 18 अक्तूबर 2025 को भेजा गया। शेष 6 इंजनों को दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा।
बरेका के ये अत्याधुनिक 3300 एचपी केप गेज (1067 मिमी) इंजन 100 किमी/घंटा की गति से दौड़ने में सक्षम हैं। इनमें चालक के लिए रेफ्रिजरेटर, हॉट प्लेट, मोबाइल होल्डर, आधुनिक कैब डिज़ाइन और शौचालय सुविधा जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं दी गईं हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भेजे गए 6 डीजल इंजनों (3000 एचपी) के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर मोजांबिक रेलवे ने बरेका को यह नया अनुबंध सौंपा।
महाप्रबंधक ने कहा कि बरेका की यह सफलता ‘मेक इन इंडिया’ के उस विजन को साकार करती है जिसमें भारत वैश्विक स्तर पर तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है। 1956 से अब तक बरेका 10000 से अधिक लोकोमोटिव का निर्माण कर चुका है।(साभार एजेंसी)
