ग्रामीण क्षेत्रों में 27.2% महिलाएं कामकाजी,शहरों में 19.5%

Punjab/ Hariyana

(चंडीगढ़,पंजाब)31मार्च,2026.

पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की कार्यभागीदारी लगातार बढ़ रही है। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के ताजा सर्वेक्षण में सामने आया है कि गांवों में कामकाजी महिलाओं का प्रतिशत शहरों के मुकाबले अधिक है।

रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में 27.2 प्रतिशत महिलाएं नौकरी पेशे वाली हैं या काम की तलाश में हैं जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 19.5 प्रतिशत ही है।

गांवों में महिलाएं अब केवल पारंपरिक कृषि कार्य तक सीमित नहीं हैं बल्कि ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, कैटरिंग, टिफिन सर्विस, चूड़ी और ज्वेलरी दुकान, बेकरी, सिलाई-कढ़ाई, ऑनलाइन शिक्षण, वेब डिजाइन और हस्तकला जैसे कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इससे उनकी आर्थिक भागीदारी में लगातार वृद्धि हो रही है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे कौशल विकास कार्यक्रम भी इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यबल का हिस्सा बन रही हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में कुल मिलाकर 24 प्रतिशत महिलाएं कामकाजी हैं या रोजगार की तलाश में हैं जबकि पुरुषों का यह आंकड़ा 62.3 प्रतिशत है।
ग्रामीण महिलाओं में बेरोजगारी भी कम
रिपोर्ट बताती है कि ग्रामीण महिलाओं में बेरोजगारी दर शहरी महिलाओं से कम है। गांवों में यह दर 11.29 प्रतिशत है जबकि शहरों में 13.26 प्रतिशत दर्ज की गई है। राज्य की कुल बेरोजगारी दर 5.50 प्रतिशत है जिसमें पुरुषों में 8.79 प्रतिशत और महिलाओं में 6.28 प्रतिशत बेरोजगारी दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि रोजगार के अवसर बढ़ाकर और कौशल विकास को मजबूत कर इस दर में और कमी लाई जा सकती है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *