साफ रहेगा मौसम, तापमान में भी उछाल;आएगा बदलाव

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)09मई,2026

मई महीने का पहला सप्ताह ठंडा रहने के बाद अब तापमान में उछाल आने की संभावना है।मौसम में बदलाव शुरू होगा और अगले तीन से चार दिन मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इस बार मई महीने का तापमान सामान्य से कम रहा। पिछले सात दिनों में दिन और रात का तापमान सामान्य से कम रहने से लोगों को राहत मिली। मौसम में लगातार बदलाव, आंधी और ओलावृष्टि ने भीषण गर्मी को रोक दिया। 3 मई को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के 16 जिलों में बारिश हुई जिससे पूरे हरियाणा का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अप्रैल के अंतिम दिनों और मई की शुरुआत में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ था। इसके चलते दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे रहा। अगले तीन-चार दिनों के दौरान 10-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 8 मई को सक्रिय होने से कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।

10-11 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके अलावा अरब सागर में हलचल (डिप्रेशन या समुद्री तूफान) बनने की संभावना भी जताई जा रही है। इसके चलते 11 से 13 मई के बीच मौसम में बदलाव तेज गति से आएगा, जिसके दौरान हवाओं की गति बढ़ेगी, आंधी-तूफान और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *