विश्व मंच पर भारत की योग शक्ति का प्रदर्शन

National

(नई दिल्ली)14जून,2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में भारत ने योग के वैश्विक प्रसार की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. 14 जून की सुबह आयोजित ‘मोस्ट व्यूअर्स फॉर अ यूट्यूब योग लाइव स्ट्रीम’ अभियान में देश और दुनिया के लाखों लोगों ने एक साथ ऑनलाइन जुड़कर योगाभ्यास किया.

130 से अधिक देशों के प्रतिभागियों की सहभागिता के साथ आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास को नई ऊंचाई दी और एक बार फिर भारत की योग परंपरा को वैश्विक मंच पर मजबूती से स्थापित किया.आयुष मंत्रालय और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पहल का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना था.

मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के प्रतिष्ठित योग शिक्षक राहुल सिंह चौहान ने बताया कि ये सिर्फ एक रिकॉर्ड बनाने का प्रयास नहीं था, बल्कि पूरी दुनिया को एक सूत्र में पिरोने व योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का एक अभूतपूर्व प्रयास है. इस रिकॉर्ड प्रयास का हिस्सा बनने वाले और जागरूक होने वाले लोगों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है. आज के सफल आयोजन के बाद अब यह योग सत्र 5 जुलाई 2026 तक रोजाना सुबह 6:15 बजे से और शाम को 5 बजे से नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा. सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को इस अवधि तक मुफ्त ऑनलाइन योग सत्रों का एक्सेस दिया गया है, जिससे वे अपनी इस योग यात्रा को निरंतर जारी रख सकें.गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास के इस भव्य कार्यक्रम का समय मिनट-दर-मिनट सटीकता के साथ संचालित किया गया. सुबह 06:15 बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई और लाइव स्ट्रीमिंग की लिंकिंग शुरू की गई. इस दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र का लाइव अभ्यास कराया गया, जिसमें देश-विदेश के लाखों लोगों ने अपने घरों से भाग लिया. इसके बाद कई राज्य मंत्रियों का संबोधन हुआ और केंद्रीय मंत्रियों के विशेष संदेश प्रसारित किए गए. राष्ट्रगान के साथ इस ऐतिहासिक महा-आयोजन का समापन हुआ।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *