नीट परीक्षा की तैयारियों पर सीएम मोहन सख्त

MP/ Chhatishgarh

(भोपाल,म.प्र.)17जून,2026

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगामी नीट परीक्षा के सुव्यवस्थित और पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में आयोजित कलेक्टर्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के दौरान उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए, परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पुलिस प्रशासन सहयोगात्मक रवैया अपनाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिला स्तर पर सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने की स्थिति में तत्काल तथ्यात्मक जानकारी जारी कर लोगों को अवगत कराया जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश के 30 जिलों में नीट परीक्षा के लिए 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सर्वाधिक 57 केंद्र इंदौर में हैं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित मध्यप्रदेश दौरे को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जुलाई में होगी कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिला स्तर पर विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसी उद्देश्य से जुलाई माह में कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का मूल्यांकन होगा।

15 अगस्त पर जिलों की उपलब्धियों का होगा प्रस्तुतीकरण:
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री अपने संबोधन के दौरान जिले की प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि प्रभारी मंत्रियों के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री का राज्य स्तरीय संदेश प्रसारित किया जाएगा, जिसे सभी जिलों में देखा और सुना जाएगा।

जिलों की तैयार होंगी विकास पुस्तिकाएं:
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर संचालित विकास एवं जनकल्याण गतिविधियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जाए। जिलों की उपलब्धियों के आधार पर विकास पुस्तिकाएं तैयार की जाएंगी, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों का रिकॉर्ड तैयार होगा और जनकल्याण योजनाओं की प्रभावी जानकारी जनता तक पहुंच सकेगी। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, अनुपम राजन और शिव शेखर शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *