समृद्ध बिहार से होगा विकसित भारत का सपना साकार-सीएम सम्राट चौधरी

Bihar / Jharkhand

(पटना,बिहार)29जून,2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब बिहार समृद्ध बनेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की तरक्की गांवों और पंचायतों के विकास से ही संभव है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने हर महीने के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में पंचायत विकास शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।

हर महीने लगेगा पंचायत विकास शिविर:
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के टेटिया बंबर प्रखंड के भूना गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत विकास शिविरों में विकास, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, बच्चों के उत्थान, जल प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, खाद्यान्न उत्पादन और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही लंबित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाएगी।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ:

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर नियमित शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर तथा अंतिम रविवार को पंचायत विकास शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक करीब चार लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से साढ़े तीन लाख आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।

30 दिन में काम नहीं हुआ तो अधिकारी होंगे निलंबित:

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी नागरिक का काम 30 दिनों के भीतर पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी को 31वें दिन निलंबित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जवाबदेही के साथ काम कर रही है और लोगों को समय पर सुविधाएं मिलना जरूरी है।

टेटिया बंबर में बनेंगे दो डिग्री कॉलेज:

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि टेटिया बंबर बिहार का पहला ऐसा प्रखंड होगा, जहां दो डिग्री कॉलेज संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े।

अस्पतालों से अनावश्यक रेफरल पर रोक:

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त 2026 के बाद किसी भी सरकारी अस्पताल से मरीजों को बिना आवश्यकता रेफर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

2029 तक सभी जिला मुख्यालय फोरलेन से जुड़ेंगे:

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2029 तक बिहार के सभी जिला मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही प्रत्येक प्रखंड को पथ निर्माण विभाग की सड़कों से जोड़ने का कार्य भी तेज किया जाएगा। उन्होंने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, जीविका से जुड़ी 1.81 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, दुग्ध और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने तथा पशुपालन को प्रोत्साहित करने की योजनाओं की भी जानकारी दी।

अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास, सुशासन और पारदर्शिता के माध्यम से बिहार को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।(साभार समाचार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *