बारिश के साथ बरसी आफत भी,हुईं 14 मौतें

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)10जुलाई,2026.

यूपी में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। प्रदेश में बारिश राहत के साथ आफत लेकर भी आई। गुरुवार को बारिश की वजह से हुए अलग-अलग हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई। बारिश को देखते हुए मेरठ, मुजफ्फर नगर, बिजनौर, सहारनपुर में आज 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे।

बारिश में जान गंवाने वाले लोगों में सबसे ज्यादा पूर्वांचल के हैं। गोरखपुर-बस्ती मंडल के आठ लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई। बुलंदशहर में दो लोगों की मौत दीवार गिरने से हो गई। अत्यधिक बारिश की वजह से कई जिलों का संपर्क भी टूट गया।

पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के 29 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बृहस्पतिवार को पश्चिमी और तराई के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश बिजनौर के नजीबाबाद में 24 घंटे के दौरान 306 मिमी दर्ज की गई, जो वर्ष 1952 के बाद मापन के इतिहास में तीसरी सबसे अधिक बारिश है। लगातार बारिश से कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार एटा में 222 मिमी, संभल में 204 मिमी और आगरा में 146 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, तराई क्षेत्र के महाराजगंज में 104 मिमी और सिद्धार्थनगर में 78.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

बारिश के असर से प्रदेश के कई जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे आ गया। अलीगढ़ में तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मेरठ में 8.3 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 7.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। कानपुर, इटावा और बरेली में भी तापमान सामान्य से काफी कम रहा।

माैसम विभाग की ओर से शुक्रवार को तराई के 17 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 13 जुलाई तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में अच्छी मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आस पास के क्षेत्र.

आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, तखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, औरैया व आस पास के क्षेत्र।

प्रदेश में मानसून की बढ़ती सक्रियता का असर अब राजधानी में भी साफ दिखाई देने लगा है। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट लिया। तेज हवाओं के साथ आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। शहर के कई इलाकों में हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।

बृहस्पतिवार को लखनऊ में 27.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बारिश के कारण दिन के तापमान में भी कमी आई। अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस घटकर 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि राजधानी में शुक्रवार के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही 13 जुलाई तक बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मेरठ में बंद रहेंगे स्कूल
मेरठ में भी कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी मेरठ के निर्देशों के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मेरठ द्वारा जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को मेरठ जनपद में तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण उत्पन्न हुई जलभराव की स्थिति और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

गाजियाबाद-मेरठ के बाद कासगंज में भी स्कूल बंद
कासगंज जिले में भी लगातार हो रही बारिश के चलते जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए बृहस्पतिवार को बड़ा फैसला लिया। डीएम के आदेश पर शुक्रवार को जिले के नर्सरी और कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालय बंद रहेंगे। प्रशासन ने आदेश का कड़ाई से पालन करने को कहा है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *