(लखनऊ,UP)30जुलाई,2026
उत्तर प्रदेश के 290 राजकीय इंटर कॉलेजों को बृहस्पतिवार को नियमित प्रधानाचार्य मिल गए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इनका तैनाती आदेश जारी किया। अभी तक यहां पर प्रभारी के माध्यम से काम लिया जा रहा था। इसके साथ ही विभाग ने कुल 326 समूह ख में पदोन्नति पाने वाले शिक्षकों को तैनाती दी है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव कृष्ण कुमार गुप्ता की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि महिला व पुरुष संवर्ग में कार्यरत प्रधानाध्यापक पद से समूह ख में पदोन्नति पाने वालों को पदस्थापित किया गया है। इसके तहत 142 राजकीय महिला इंटर कॉलेज में और 148 पुरुष राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य को तैनाती दी गई है।
इसके साथ ही 17 महिला व 19 पुरुष को सह जिला विद्यालय निरीक्षक, राज्य शिक्षा संस्थान में सहायक उप शिक्षा निदेशक व सहायक निदेशक, आंग्ला भाषा शिक्षण संस्थान में प्रोफेसर व एसोसिएट प्रोफेसर, मंडलीय मनोवैज्ञानिक, प्रवक्ता कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन, एससीईआरटी में सहायक उप शिक्षा निदेशक आदि पदों पर तैनाती दी गई है।(साभार एजेंसी)
