सीएम योगी द्वारा “इंटरनेशनल ट्रेड शो” तैयारियों की समीक्षा

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)21सितंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने आज ग्रेटर नोएडा,गौतमबुद्ध नगर में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता हेतु सुरक्षा, सुव्यवस्था तथा विदेशी मेहमानों एवं आगंतुकों की सुविधाओं को विकसित करने तथा विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, शुद्ध पेयजल, भोजन, इंटरनेट एवं भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की समृद्ध परंपरा, हुनर, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक मंच प्रदान करने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि UPITS-2026 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित 06 भागीदार देशों की सहभागिता, लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी तथा बी 2 बी बैठकों को प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि UPITS-2026 में अवध, बुंदेलखंड, ब्रज सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं आर्थिक विविधता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। स्थानीय कलाकारों, युवाओं, ODOP, MSME, हस्तशिल्प, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा, टेक्सटाइल, पर्यटन सहित प्रमुख क्षेत्रों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराया जाए।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *