(वाराणसी,UP)25अक्टूबर,2026
गंगा के इस पार डोमरी से उस पार मणिकर्णिका तक, काशी की फिजा में सिर्फ लड़ाकू विमानों की गर्जना थी। वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित एयर शो देखने के लिए करीब 12 लाख लोग गंगा तट पर जुटे।
पुलिस के अनुसार, गंगा के उस पार डोमरी, बहादुरपुर और कटेसर तक बनाए गए दर्शक स्थलों पर 5 लाख से ज्यादा लोग थे, जबकि काशी की तरफ राजघाट से मणिकर्णिका तक करीब 7 लाख दर्शक मौजूद रहे। यह भीड़ पहले दिन 22 अक्टूबर की तुलना में तीन गुना ज्यादा थी।
110 KM दूर से आए दर्शक
एयर शो देखने के लिए लोग 60 से 110 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे। चंदौली, आजमगढ़, मऊ, सोनभद्र के अलावा बिहार के कैमूर और रोहतास से भी बड़ी संख्या में लोग आए। राजघाट पुल पर यातायात बंद होने से गंगा पार से आने वाले लोगों को दिक्कत भी हुई।
तीन पीढ़ियों ने एक साथ देखा शो
एयर शो का रोमांच सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं रहा। डोमरी में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां – दादी से पोते-पोतियों तक एक साथ एयर शो देखने पहुंचीं। 80 वर्षीय अजीमुल्लाह एक दिन पहले ही रिश्तेदार के यहां आकर रुके थे और बोले – “मोदी नहीं होते तो हमार ई इच्छा पूरी नहीं होती।”
मणिकर्णिका पर ठहरीं नम आंखें, बंद हुआ शवदाह
सबसे अनोखा नजारा मणिकर्णिका घाट पर दिखा। एक तरफ चिताओं की लपटें और अपनों को विदा करती नम आंखें, दूसरी तरफ आसमान में गर्जना करते राफेल, सुखोई और तेजस। कई लोग अंतिम संस्कार के बीच ही आसमान निहारते दिखे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मुख्य अतिथि होंगे, इसलिए सुरक्षा को देखते हुए शनिवार से ही मणिकर्णिका घाट की छत पर शवदाह बंद कर दिया गया है। सभी घाटों पर चेकिंग के बाद ही पैदल जाने की अनुमति है। सिंधिया घाट पर तो सीढ़ियों से लेकर ऊपर तक इतनी भीड़ थी कि कोई इस पार से उस पार नहीं जा सका।
बालकनी और खिड़कियों से देखा एयर शो
सतुआ बाबा ने भीड़ को देखते हुए नमो घाट जाने के बजाय अपने आश्रम की बालकनी से ही शो देखा। घाट किनारे जिन घरों की खिड़कियां शवदाह के धुएं के कारण बंद रहती हैं, वहां भी महिलाएं और बच्चे खिड़कियों और छतों पर खड़े होकर विमानों को देखते दिखे।
संगीत पर थिरके युवा
सारंग हेलीकॉप्टर टीम के करतबों के दौरान क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘इंटरस्टेलर’ का BGM और एलन वॉकर के ‘हेडलाइट’ गाने ने रोमांच दोगुना कर दिया। ‘मेरी हीर आसमानी’ और दलेर मेहंदी के ‘दंगल’ गाने पर लड़ाकू विमानों की गर्जना के साथ युवा थिरकते दिखे।
बनारसी बोली में एयर शो
स्थानीय लोगों में बनारसी अंदाज भी खूब दिखा। एक दर्शक ने कहा – “बहुत नीचे से जात ह राफेल, सुत्तल अदमी डेरा के उठ जाई।” दूसरे ने कहा – “भइया हर केहू बॉर्डर पर त ना जा सकेला, त कम से कम एहीं देखे के मिलत ह।”
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और पहले दिन से तीन गुना ज्यादा लोग जुटे हैं।
