(चंडीगढ़,पंजाब)28अक्टूबर,2026
पंजाब विधानसभा ने मंगलवार को केंद्र सरकार से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को तुरंत फिर से खोलने की अपील का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
सदन में यह प्रस्ताव शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा पेश किया गया था, जिसमें कहा गया कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर सिर्फ दो देशों के बीच का कूटनीतिक रास्ता नहीं है, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों सिख श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक स्वतंत्रता का सवाल है।
प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों को संकीर्ण राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “जहां लोगों की आध्यात्मिक आस्था जुड़ी हो, वहां राजनीति के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर तुरंत खोला जाना चाहिए ताकि संगत बिना किसी बाधा के अपने पवित्र स्थल पर नतमस्तक हो सके।”
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से अपील की कि गुरु नानक देव जी के ‘सरबत दा भला’ के संदेश को अपनाते हुए तुरंत पहल करे और पाकिस्तान सरकार से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करे।
इससे पहले प्रस्ताव पेश करते हुए कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि श्री करतारपुर साहिब ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ के महान सिद्धांतों का केंद्र है। यह केवल एक भौतिक मार्ग नहीं, बल्कि एक ऐसा पवित्र पुल है जो सिख संगत को उस ऐतिहासिक धरती से जोड़ता है, जहां पहले पातशाह गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन का अंतिम समय बिताया था।(साभार एजेंसी)
