(जालंधर,पंजाब)28अक्टूबर,2026
पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान जालंधर के सरिह गांव में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने भारी जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, खासकर महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता का लेखा-जोखा पेश किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ का स्वागत करते हुए कहा कि लोगों का यह उत्साह साफ बताता है कि पंजाब की जनता का विश्वास वर्तमान सरकार के साथ है। आम लोग अपना काम-धंधा छोड़कर यहां पहुंचे हैं, जो इस बात का सबूत है कि वे सरकार के काम से खुश हैं और उन्होंने अपना फैसला पहले ही बना लिया है।
माताएं-बहनें वीडियो भेजकर खुशी जता रही हैं
अपने संबोधन में सीएम मान ने कई भावुक किस्से साझा किए। उन्होंने बताया कि रोजाना प्रदेश भर से माताएं और बहनें उन्हें वीडियो भेजकर अपनी खुशी जाहिर करती हैं।
कोई महिला बताती है कि उसने इन पैसों से दुकान का पुराना उधार चुका दिया, तो किसी ने अपने घर में साफ पानी के लिए RO लगवा लिया। कई बुजुर्ग माताओं ने अपने पोते-पोतियों के लिए साइकिल खरीदकर दी है।
‘1 तारीख को फिर टुं-टुं होगी’
सीएम मान ने चुटकी लेते हुए कहा, “आज 28 तारीख हो चुकी है और अब 1 तारीख को फिर आप सबके खातों में पैसे आने का मैसेज, वो टुं-टुं की आवाज आने वाली है।”
उन्होंने कहा कि 1500 रुपए से कोई अमीर नहीं हो जाता, लेकिन यह छोटी सी मदद आम परिवारों को बड़ा सहारा देती है और उन्हें स्वाभिमानी बनाती है। इससे न सिर्फ महिलाएं बल्कि घर के पुरुष भी खुश हैं, क्योंकि अब उन्हें बार-बार पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ती और घर में खुशी का माहौल है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई सरकारी खैरात नहीं, बल्कि जनता का अपना पैसा है। उन्होंने कहा, “जब एक आम इंसान सुबह चाय बनाने के लिए माचिस की तीली जलाता है, तभी से उसका टैक्स देना शुरू हो जाता है। पिछली सरकारों ने जनता के इस पैसे को लूटा, लेकिन हम जनता का एक-एक पैसा वापस उन्हीं की भलाई में लगा रहे हैं।”(साभार एजेंसी)
