उत्तर भारत में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

National

(नई दिल्ली )28 अक्टूबर 2026

दिवाली के बाद लौटी गुलाबी ठंड के बीच एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी दोनों इलाकों में बारिश का दौर लौट सकता है।

विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रुक-रुक कर बारिश के आसार हैं। 30 अक्टूबर को सबसे ज्यादा असर रहेगा, जब कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 29 और 30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी, जो अचानक 50 किलोमीटर तक तेज हो सकती हैं। इससे पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 29 और 30 अक्टूबर को मौसम खराब रहेगा। इन राज्यों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर में हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। विभाग ने कहा है कि बर्फबारी को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान गिरने पर ही बर्फबारी संभव होगी।

पहाड़ों के साथ-साथ मैदानों में भी असर दिखेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ में 28 से 31 अक्टूबर और यूपी-राजस्थान में 29 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की भी संभावना है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *