(पटना,बिहार)31अक्टूबर,2026
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने UPYOG पोर्टल का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 264 नगर निकायों में शहरी सेवाओं को डिजिटल, सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि UPYOG पोर्टल से नागरिकों को नगर निकायों की सभी प्रमुख सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन मिलेंगी। इससे भवन नक्शा पास, ट्रेड लाइसेंस, संपत्ति कर, जलकर और शिकायत निवारण जैसी सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शहरी प्रशासन को जन-केंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पोर्टल से सेवाओं में तेजी आएगी, समय और धन की बचत होगी तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
