राजस्थान में दिवाली पर मिलावटखोरों पर कार्रवाई

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)01 नवंबर,2026

राजस्थान राज्य के खाद्य सुरक्षा विभाग ने दिवाली त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। विभाग की टीम ने कृषि उपज मंडी क्षेत्र में छापा मारकर 3,133 किलोग्राम संदिग्ध सरसों का तेल और 209 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से 4 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं, रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिष्ठानों पर छापे और नमूने

खाद्य सुरक्षा दल ने कृषि उपज मंडी स्थित मैसर्स माधव ट्रेडिंग कंपनी में निरीक्षण किया। वहां से गुड़ और दुर्गा ब्रांड सरसों तेल का नमूना लिया गया और गुणवत्ता पर संदेह होने पर 3,133 किलो तेल सीज किया गया। इसके बाद महावीर ट्रेडर्स पर छापा मारकर आशीष ब्रांड घी का नमूना लिया और 209 किलो संदिग्ध घी सीज किया। टीम ने महारानी मावा भंडार का भी निरीक्षण कर बिक्री के लिए रखे मीठे मावे का नमूना लिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों और खाद्य तेलों की शुद्धता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमें लगातार बाजार में जांच कर रही हैं।

उन्होंने सभी विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए और आम जनता से अपील की कि मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय शुद्धता, गुणवत्ता, पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट की जांच अवश्य करें।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *