(अहमदाबाद,गुजरात)08 नवंबर 2026
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अहमदाबाद के गोता में मूलाम्नाय सर्वज्ञ कांची कामकोटि पीठम के 70वें पीठाधिपति पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य शंकर विजयेन्द्र सरस्वती स्वामीजी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री पूज्य शंकराचार्य जी के पावन सान्निध्य में गोता में आयोजित पूर्णाहुति हवन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने यज्ञशाला मंडपम में पूज्य शंकराचार्य जी के साथ संवाद किया और वैदिक परंपरा व सनातन संस्कृति के संवर्धन को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पीठ द्वारा किए जा रहे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना भी की।
उल्लेखनीय है कि जगद्गुरु शंकर विजयेन्द्र सरस्वती महास्वामी जी ने 28 फरवरी 2018 को पूज्य जयेन्द्र सरस्वती जी के विदेहमुक्त होने के बाद कांची कामकोटि पीठम के 70वें पीठाधिपति के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। कांचीपुरम स्थित यह प्राचीन पीठ भारतीय सनातन परंपरा, वैदिक संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को बनाए रखने में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ नेता भूपेंद्रसिंह चुडासमा, मायाबेन कोडनानी सहित कई अन्य गणमान्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने जगद्गुरु शंकराचार्य जी का आशीर्वाद प्राप्त कर उनके सान्निध्य को सौभाग्य का विषय बताया।(साभार एजेंसी)
