सीएम भजनलाल बोले-रोजाना योग-व्यायाम को बनाएं आदत

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)14नवंबर,2026

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा आज सुबह जयपुर के जवाहर सर्किल में प्रातः भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने पार्क में मौजूद आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों से सहज और आत्मीय संवाद किया। सुबह-सुबह स्केटिंग की प्रैक्टिस कर रहे नन्हें बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री रुके, उनसे बात की और खूब मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री को अपने पुराने मित्र भी मिले जो पूर्व में उनके साथ नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक किया करते थे। पुराने साथियों से मिलकर मुख्यमंत्री भावुक हो उठे और सभी ने साथ में सैर करते हुए पुराने दिनों की स्मृतियों को साझा किया। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर पार्क में मौजूद लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने फिट इंडिया मूवमेंट के माध्यम से पूरे देश को फिटनेस का संदेश दिया है। हमें अपने जीवन में योग, व्यायाम और खेलकूद को अनिवार्य रूप से अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों का स्वास्थ्य ही प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक विचार से ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण होता है। आइए हम सभी मिलकर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं और फिट राजस्थान के संकल्प को पूरा करें। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भी उपस्थित रहे।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *