(मुजफ्फरपुर,बिहार)16नवंबर, 2026
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हो गया। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के शहरी और ग्रामीण इलाकों के सभी छठ घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रतधारियों ने उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर छठी मईया और सूर्य देव से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, मंगल और खुशहाली की कामना की। पूरे घाट परिसर में छठी मईया के जयकारों और पारम्परिक लोकगीतों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। अर्घ्य दान के पश्चात व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे से चले आ रहे कठिन निर्जला उपवास का पारण किया।
36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का हुआ समापन
चार दिनों तक चलने वाले इस लोकपर्व में श्रद्धा, भक्ति, हर्षोल्लास और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रतियों ने रविवार की संध्या में डूबते हुए अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया था। उसके बाद सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में ही सभी घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ लगातार 36 घंटे तक चलने वाला निर्जला व्रत विधिवत पूर्ण हो गया। व्रतधारियों ने भगवान सूर्य और छठी मईया से अपने परिवार के लिए सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि की प्रार्थना की।
प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा
छठ पूजा को लेकर मुजफ्फरपुर जिले के सभी प्रमुख घाटों पर विशेष चहल-पहल देखी गई। शहर के सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, लकड़ीढही घाट, अखाड़ा घाट और चंदवारा घाट सहित अनेक घाटों पर हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचे। इसके अतिरिक्त ब्रह्मपुरा पोखर, तीन पोखरिया, पड़ाव पोखर, साहू पोखर मंदिर तालाब और रामदयालु कॉलेज परिसर में स्थित घाट पर भी श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की।
घाटों पर सुबह से ही छठी मईया के जयकारे गूंजते रहे। उगते सूर्य की प्रथम किरण फूटते ही श्रद्धालुओं ने कमर भर पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया। इस दौरान बज रहे पारंपरिक छठ गीतों की मधुर धुनों ने पूरे माहौल को और भी अधिक भक्तिमय बना दिया। ‘उगs हो सुरुज देव, भइले अरघ के बेर’ जैसे लोकगीतों के बीच व्रतियों ने सूर्य देव की उपासना की।
प्रसाद ग्रहण कर लोगों ने दी एक-दूसरे को शुभकामनाएं
पूजा-अर्चना संपन्न होने के उपरांत व्रतधारियों ने छठी मईया और सूर्य देव को अर्पित किया गया प्रसाद ग्रहण कर अपने निर्जला व्रत का पारण किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने आपस में एक-दूसरे को छठ महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पूरे बिहार में चार दिनों तक चले इस महापर्व के दौरान भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
यह छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और नारी शक्ति के सम्मान का भी प्रतीक है। इस महापर्व में समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ घाटों पर एकत्रित होकर भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। (साभार एजेंसी)
