धामी कैबिनेट ने लिए जनहित के बड़े फैसले

Uttarakhand

( देहरादून)27नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, वन, आबकारी और शहरी विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर सहमति बनी। इस बैठक में 20 से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी देकर सरकार ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

आशा कार्यकर्ताओं को ₹1,700 की बढ़ोतरी
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹1,700 प्रतिमाह की वृद्धि का निर्णय लिया है। यह फैसला स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने वाली आशा कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय हेतु मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है, जिससे जल्द ही उनके मानदेय पर भी फैसला होगा।

चार चीनी मिलों को ₹207.75 करोड़ की गारंटी
पेराई सत्र 2026-27 के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को गन्ना किसानों को समय पर भुगतान हेतु ₹207.75 करोड़ की शासकीय प्रत्याभूति प्रदान की जाएगी। इस फैसले से गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी
सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के अंतर्गत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 प्रख्यापित करने का निर्णय लिया गया। इससे संगठित व असंगठित कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए यह नियमावली एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा बढ़ी
वन आरक्षी पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह राहत 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इससे वन विभाग में भर्ती के इच्छुक युवाओं को अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजना को हरी झंडी
हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पॉड टैक्सी) ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना को मंजूरी दी गई। तीन कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किमी और 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इस परियोजना से हरिद्वार में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर

  • जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क को 10 प्रतिशत तथा क्षतिपूर्ति शुल्क को 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया।
  • आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के 5 और सहायक आबकारी आयुक्त के 6 नए पद (कुल 11 पद) सृजित किए गए।
  • राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा बॉन्ड को अनुमन्य किया गया।
  • उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026 को मंजूरी दी गई।
  • महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों को संशोधित कर पुरानी व्यावहारिक दरें बहाल करने का निर्णय लिया गया।

इनके अलावा सफाई कर्मचारी आयोग में अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद, एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली, सेतु आयोग आईटी सेवा नियमावली, लेखा परीक्षा सेवा में संशोधन, पंचम विधानसभा के तृतीय सत्र का सत्रावसान और अन्य कई प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *