(वाराणसी UP)28दिसम्बर,2024.
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम परिवहन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर प्राइवेट अनुबंधित वाहनों से आवाजाही करने वालों के लिए अस्थायी बस डिपो बनाया जा रहा है। इससे आसपास जनपदों से आवाजाही करने वालों को शहर में नहीं आना पड़ेगा। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों और यूनियन पदाधिकारियों संग बैठक में इसकी पूरी योजना बनाई है। आठ जनवरी तक दोनों अस्थायी बस अड्डे तैयार हो जाएंगे।
हरहुआ रिंग रोड स्थित कृषक इंटर कॉलेज परिसर और रोहनिया स्थित जगत नारायण इंटर कॉलेज मैदान में अस्थायी बस अड्डा बनाया जा रहा है। इसमें मूलभूत सुविधाओं के साथ ही 50 सीट का यात्री हाॅल, लाउंज और सेल्फी प्वाइंट, जगह-जगह महाकुंभ को लेकर जागरूकता होर्डिंग, बैनर अस्थायी बस अड्डे को और आकर्षक बनाएंगे।
रात में ठहराव को लेकर डॉरमेट्री जैसी व्यवस्था भी होगी। महाकुंभ को संचालित बसों के बारे में एनाउंसमेंट की भी व्यवस्था होगी। महाकुंभ से लौटने वाले वाहन इन दोनों अस्थायी बस अड्डे पर ही रुकेंगे। अनुबंधित बसों को ही इसमें ठहराया जाएगा।
अस्थायी बस अड्डा के बाहर सूचीबद्ध ऑटो रिक्शा का संचालन किया जाएगा। सभी ऑटो पर किराया सूची भी चस्पा होगी। अस्थायी बस स्टैंड के बाहर से संचालित इन ऑटो में धार्मिक गीत ही बजाए जाएंगे। परिवहन अधिकारियों के अनुसार 2019 के बाद की पंजीकृत अनुबंधित बसें ही महाकुंभ में चलाई जाएं।(साभार एजेंसी)
