(सहारनपुर UP) 02मार्च,2025.
सरसावा में सिविल एयरपोर्ट से जल्द ही विभिन्न जगहों के लिए उड़ान सेवा शुरू की जाएगी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने सहारनपुर से लखनऊ, मुंबई, जम्मू और सूरत तक उड़ान सेवाएं शुरू करने की संभावना तलाशने के लिए सभी घरेलू एयरलाइंस कंपनियों को प्रस्ताव भेजा है।
दरअसल, नगर विधायक राजीव गुंबर ने उप मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि सरसावा में बने सिविल एयरपोर्ट का उद्घाटन हुए काफी दिन हो गए हैं, लेकिन अभी तक उड़ान सेवा शुरू नहीं हुई है। नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए उड़ान संचालन की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
अगर एयरलाइंस कंपनियां इस प्रस्तावित मार्गों पर उड़ान संचालन का चयन करती हैं, तो भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण इस पर प्रक्रिया शुरू करने के लिए तैयार है। इसके अलावा सहारनपुर को गोरखपुर, वाराणसी और कुशीनगर से जोड़ने वाले आरसीएस रूट मेसर्स स्पाइसजेट को दिए गए हैं, जिसमें 78 सीटर विमान होंगे।
वहीं, सहारनपुर को हिंडन और मुरादाबाद से जोड़ने वाले आरसीएस रूट मेसर्स फ्लाइबिग को दिए गए हैं, जिसमें 19 सीटर विमान होंगे। यह उड़ानें जल्द शुरू होने की संभावना है।(साभार एजेंसी)