59 विभागों के कार्यालय ,10 मंजिला एकीकृत मंडलीय कार्यालय में बनेगा

Uttar Pradesh

(वाराणसी UP)11मई,2025.

वाराणसी में 10 मंजिला एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण जल्द शुरू होगा। 59 विभागों के कार्यालय एक स्थान पर होंगे। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद वीडीए की ओर से टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। इस महीने वीडीए की बोर्ड बैठक में इसकी रूपरेखा तय की जाएगी।

वीडीए के अधिकारियों के अनुसार इसका स्वरूप मंदिर के रूप में होगा। कॉरपोरेट कार्यालय की तर्ज पर 10-10 मंजिल के दो टॉवर में मंडल स्तर के सभी कार्यालय होंगे। इसके लिए 13 विभागों के साथ बैठक की थी। इसमें मंडल स्तर के 59 कार्यालयों को एक ही बिल्डिंग में स्थानांतरित किया जाएगा।

जिन विभागों का अपनी जमीन पर कार्यालय अवस्थित है, उन जमीनों को बेचकर पैसा शासन को भेजा जाएगा। इस कार्यालय का निर्माण दो बेसमेंट के साथ में कुल 10 मंजिला ट्विन टावर भवन के रूप में होगा। नया कोर्ट बिल्डिंग चार मंजिला, अधिवक्ता चैंबर में एक अतिरिक्त तल के साथ निर्मित कराया जाना प्रस्तावित है।

ट्विन टावर में कॉन्फ्रेंस हॉल, सभी फ्लोर पर एक कॉमन मीटिंग रूम, अत्याधुनिक स्टोर रूम एवं एक बैंक तथा इसके अलावा जिम, कैफेटेरिया और समुचित पार्किंग की व्यवस्था होगी। इससे एक ही जगह पर सभी लोगों का काम आसानी से हो जाएगा। सरकारी कार्यालयों के साथ ही भवन में कुछ आवश्यक व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जगह होगी। माना जा रहा है कि ये उत्तर प्रदेश की सबसे अत्याधुनिक और आइकॉनिक बिल्डिंग होगी। इस ग्रीन बिल्डिंग में पर्यावरण संरक्षण के सभी मानकों का पालन किया जाएगा। यह अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुसार बनाई जाएगी।

एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण जल्द शुरू होगा। टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जल्द ही इसकी रूपरेखा तय होगी। इसमें 59 मंडलीय कार्यालयों को शिफ्ट किया जाएगा-पुलकित गर्ग,उपाध्यक्ष वीडीए (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *