विजन-2051:सर्वप्रथम न्यू कानपुर सिटी ,अटलनगर योजना होंगी विकसित

UP / Uttarakhand

(कानपुर,UP)07अगस्त,2025.

कानपुर में विजन-2051 के तहत सबसे पहले बहुप्रतीक्षित न्यू कानपुर सिटी योजना विकसित होगी और छह मल्टीलेवल पार्किंग बनेंगी। पीपीपी मॉडल पर लांच होने वाली केडीए की पहली अटलनगर योजना के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट) आमंत्रित किया गया है। 12 चौराहों के साथ ही पार्कों के सुंदरीकरण का खाका भी तैयार कर लिया गया है। केडीए ने ए, बी और सी श्रेणियों में करीब 10,987 करोड़ से 22 विकास कार्य कराने का खाका खींचा है। सबसे पहले ए-श्रेणी के कार्य होंगे।

केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने बैठक कर विजन-2051 की समीक्षा की। केडीए न्यू कानपुर सिटी विकसित करने की तैयारियां कर रहा है। इसी बीच मैनावती मार्ग से गंगा बैराज राज्य मार्ग को जोड़ने के लिए 800-800 मीटर की दो लिंक रोड बनाने का फैसला हुआ। इसके लिए काश्तकारों से तीन एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। बैठक में गाटा संख्या और सड़क की ड्राइंग तय हुई। जमीन अर्जन का प्रस्ताव भी जिलाधिकारी को भेजा गया।

एक साल में शुरू होंगे ये कार्य:
ए-श्रेणी में ऐसी परियोजनाएं ली गई हैं, जिन्हें केडीए खुद के वित्तीय स्रोतों से विकसित करेगा। एक-एक कर यह सभी कार्य एक साल में शुरू करने का खाका खींचा गया है। केडीए की तरफ से तैयार की गई सूची में इन योजनाओं में से पहले नंबर पर न्यू कानपुर सिटी को रखा गया है। इस योजना की लागत 1,169 रुपये है। इसी तरह 90 करोड़ रुपये से बिनगवां रोड का चौड़ीकरण व अर्रा रोड तक विस्तार और बर्रा विश्वबैंक रोड 24 मीटर चौड़ी की जाएगी। ये कार्य क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से कराए जाएंगे। इसी निधि से महावीरनगर पनकी में 20 मिलियन लीटर डेली क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 120 करोड़ से 12 चौराहों का सुंदरीकरण और 110 करोड़ से केडीए की योजनाओं में पार्कों का सुंदरीकरण कराया जाएगा।

पीपीपी मॉडल पर बसेगा अटलनगर:
बी श्रेणी में केडीए पीपीपी मॉडल पर लैंड पूलिंग के तहत पहली आवासीय योजना विकसित करेगा। इस मॉडल के तहत रूमा के पास स्थित ग्राम उचटी में अटलनगर टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें करीब 550 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही शासन से बजट मांगा जा रहा है। इसी तरह सी-श्रेणी में ग्रेटर कानपुर सहित उन 16 प्रस्तावों को शामिल किया गया है जिन्हें केडीए शासन से प्रति वर्ष उपलब्ध कराए गए बजट से नहीं कर सकता और उनके लिए अलग से धनराशि की आवश्यकता है।

कानपुर विकास प्राधिकरण की बैठक में मैनावती मार्ग से बैराज मार्ग तक बनने वाले दो लिंक रोड में अर्जित की जाने वाली जमीन व ड्राइंग फिक्स की गई। जमीन की दरों के निर्धारण के लिए डीएम को प्रस्ताव भेज दिया गया है। विजन-2051 की कार्ययोजना के तहत सबसे पहले न्यू कानपुर सिटी और शहर में छह बाजारों के आसपास मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएंगी। प्रत्येक की लागत 75 करोड़ है। जगह चिन्हित करने की जिम्मेदारी तीन ओएसडी को सौंपी है। निर्माण के लिए शासन से धन मांगा गया है। -अभय कुमार पांडेय, सचिव, केडीए(साभार एजेंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *