( लखनऊ,UP)24अगस्त,2025.
राजधानी लखनऊ की सड़कों को अंधेरे से निजात मिलेगी। इन्हें रोशन करने के लिए 5500 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। हर वार्ड को 50-50 स्ट्रीट लाइटें मिलेंगी। इससे रात में सड़कों पर वाहन चलाना भी आसान होगा और हादसे कम होंगे।
महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में शनिवार को हुई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इनमें एक ओर शहर की सड़कों और चौराहों का नामकरण प्रमुख विभूतियों के नाम पर करने पर सहमति बनी तो पशु कल्याण, सिनेमा हॉल टैक्स और बिल्लियों को पालने पर लाइसेंस जैसे नए प्रावधान भी शामिल रहे। पूरे शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाने की मंजूरी दी गई। फैसला लिया गया कि हर वार्ड को दीपावली से पहले 25 और बाकी 25 स्ट्रीट लाइटों का तोहफा त्योहार के बाद दिया जाएगा।
कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर होगी सड़क:
त्रिवेणी नगर वार्ड की एक सड़क का नाम अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला मार्ग होगा। सरोजनी नगर वार्ड की कई सड़कों का नामकरण भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग के रूप में किया गया। हुसैनगंज चौराहे से मवैया तिराहा तक (स्टेशन रोड) को अब सीएमएस संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी मार्ग के रूप में जाना जाएगा(साभार एजेंसी)