शीतलहर के बाद उ.प्र.में घने कोहरे का साया

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)30जनवरी,2026.

उत्तर प्रदेश में शनिवार को तराई इलाकों समेत ज्यादातर जिलों में सुबह कोहरे का असर रहेगा। माैसम विभाग की ओर से प्रदेश के तीस जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में ठंडी पछुआ हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और कई जगह तापमान सामान्य से नीचे चला गया।घने कोहरे की वजह से बरेली और आगरा में सुबह दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं अलीगढ़ और नजीबाबाद में सुबह दृश्यता 50 मीटर दर्ज हुई।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 31 जनवरी तक कोहरे में बढ़ोतरी होगी और कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है। फरवरी के पहले सप्ताह में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक से तीन फरवरी के बीच पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और कोहरे से राहत मिलेगी। चार फरवरी से तापमान में फिर हल्की गिरावट आने के आसार हैं। शुक्रवार को 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बुलंदशहर सबसे ठंडा रहा। वहीं 21.9 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ आगरा सबसे गर्म रहा।

यहां है घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट:
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा,औरेया,बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाकों में (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *