24 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मिली मंजूरी

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)17मार्च,2026.

उत्तर प्रदेश भू संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी-रेरा) ने राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 13 जिलों में 24 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में कुल 6,841.85 करोड़ का अनुमानित निवेश होगा। करीब 7,830 आवासीय व व्यावसायिक यूनिट्स विकसित की जाएंगी।

यूपी-रेरा मुख्यालय में अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई 198वीं प्राधिकरण बैठक में विभिन्न जिलों से प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा के बाद नियामकीय मानकों को पूरा करने वाली परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई।

मंजूर परियोजनाओं में गौतमबुद्ध नगर निवेश, परियोजनाओं और यूनिट्स की संख्या के मामले में सबसे आगे रहा। यहां 5,218.41 करोड़ के निवेश वाली पांच परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिनमें 2,969 यूनिट्स विकसित होंगी। इनमें तीन व्यावसायिक, एक आवासीय और एक मिक्स्ड-यूज परियोजना शामिल है।

चार परियोजनाओं में 651 यूनिट्स विकसित होंगी
राजधानी लखनऊ में 132.65 करोड़ के निवेश से चार परियोजनाओं में 651 यूनिट्स विकसित होंगी। वहीं आगरा में तीन आवासीय परियोजनाओं के तहत 312 यूनिट्स बनेंगी। गाजियाबाद में तीन परियोजनाओं में 468 यूनिट्स विकसित की जाएंगी।

इसके अलावा सहारनपुर, मेरठ, मथुरा, बागपत, गोरखपुर, वाराणसी, बांदा, हापुड़ और बाराबंकी में भी विभिन्न आवासीय व व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
रेरा अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि पारदर्शी स्वीकृति प्रक्रिया से निवेशकों और गृह खरीदारों का भरोसा मजबूत होगा और रियल एस्टेट क्षेत्र में संतुलित विकास को बढ़ावा मिलेगा।

निवेशकों और गृहखरीदारों का भरोसा मजबूत:
उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र में लगातार बढ़ता निवेश राज्य सरकार की सुधारात्मक नीतियों और यूपी रेरा की प्रभावी निगरानी का परिणाम है। सरल स्वीकृति प्रक्रिया, सख्त निगरानी और पारदर्शी नियामकीय व्यवस्था ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है और गृहखरीदारों को बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *