(चंडीगढ़,हरियाणा)26मार्च,2026
हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। वित्त वर्ष 2026–27 में बिजली दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे करीब 83.79 लाख उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा। नया टैरिफ एक अप्रैल से लागू होगा।
बिजली कंपनियों ने हजारों करोड़ रुपये के घाटे की बात कही थी, फिर भी आयोग ने दरें नहीं बढ़ाईं। लोगों ने भी जनसुनवाई में साफ कहा था कि बिल नहीं बढ़ना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया गया। अब कंपनियों को अपने खर्च और वसूली में सुधार करना होगा।
किसानों और उपभोक्ताओं को अलग-अलग राहत
किसानों के लिए बिजली पर भारी सब्सिडी जारी रहेगी। असली लागत ज्यादा होने के बावजूद किसानों को बहुत कम दर पर बिजली मिलती रहेगी। ट्यूबवेल कनेक्शन वालों को लोड बढ़ाने का एक मौका भी दिया गया है।
कंपनियों को खास निर्देश:
बिजली नुकसान कम करने के लिए कंपनियों को खास निर्देश दिए गए हैं। जहां ज्यादा लाइन लॉस है, वहां सुधार करने को कहा गया है। साथ ही, प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने वालों को बिल में छूट मिलेगी।इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कुछ शहरों में चार्जिंग स्टेशन लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। कुल मिलाकर यह फैसला उपभोक्ताओं को राहत देने और बिजली व्यवस्था को ठीक करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।(साभार एजेंसी)
