सीएम मान ने 2027 के लिए मांगा जनादेश

Punjab/ Hariyana

(चंडीगढ़,पंजाब)5अप्रैल,2026.

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोगा में आयोजित रैली में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए जनादेश मांगा। आढ़तियों की हड़ताल से निपटने के लिए सरकार सहकारी समितियों की मदद से गेहूं खरीदेगी। सीएम ने कहा कि जो आढ़ती हड़ताल में शामिल नहीं होंगे, उन्हें अगली खरीफ सीजन में धान की अलॉटमेंट में प्राथमिकता दी जाएग

मुख्यमंत्री की रैली के दौरान किसान अपनी मांगों को लेकर सवाल पूछने के इरादे से पहुंचे। जानकारी के अनुसार, पहले किसान मोगा के गांव दुनेके में एक गुरुद्वारे के पास इकट्ठा हुए थे। इसके बाद पुलिस ने सभी किसानों को एक श्मशान घाट में 4 घंटे नजरबंद कर दिया।

हालांकि, बाद में कुछ किसान पुलिस को चकमा देकर मोगा की नई दाना मंडी स्थित रैली स्थल तक पहुंच गए। रैली स्थल पर पहुंचते ही किसानों को हिरासत में लेकर गाड़ियों में बैठाकर थाने ले जाया गया। इस दौरान किसानों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

अपने संबोधन में उन्होंने हास्य, व्यंग्य और तीखे राजनीतिक हमलों का सहारा लेते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कांग्रेस, भाजपा और शिअद पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेता जमीनी हकीकत से कटे हैं। तंज कसते हुए बोले, ”जो लोग ओवरकोट या टाइट पजामा पहनते हैं, वे आधी रात को खेतों में सिंचाई करने वाले किसानों का दर्द नहीं समझ सकते।”

सीएम ने किसानों के लिए 30 दिन तकसीम योजना शुरू करने की घोषणा की, जिसके तहत जमीन के बंटवारे आवेदन के 30 दिनों के भीतर पूरे होंगे। उन्होंने बताया कि 90 फीसदी से अधिक घरों को मुफ्त बिजली, 65 हजार से अधिक नौकरियां दी गई हैं और 43 हजार किलोमीटर सड़कों की मरम्मत हुई है। नहर के पानी का उपयोग 22 फीसदी से बढ़कर 78 फीसदी हुआ है, जिसे 90 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य है।

फसलों को बिजली के तारों से लगने वाली आग से बचाने के लिए भूमिगत वायरिंग को बढ़ावा देने और स्कूल शिक्षा प्रणाली सुधारने का भी ऐलान किया गया। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मोगा में उमड़ी भीड़ बताती है कि आम आदमी पार्टी 2027 में भारी बहुमत से लौटेगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *