(चंडीगढ़,पंजाब)24अप्रैल,2026.
आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में जाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मुख्यमंत्री श्री मान ने कहा कि ये पंजाब की इमेज खराब करने की कोशिश है। भाजपा ने पंजाबियों के साथ गद्दारी की। पंजाब में अच्छे काम रोकने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी की पास अपना कुछ नहीं है, पंजाब में कोई चेहरा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘बंदेखानी’ पार्टी है,ये बंदे खाकर डकार नहीं मारते।
पंजाब के लोग हमारे साथ:
मान ने कहा कि अब राघव चड्ढा का दम घुटने लगा है। पार्टी ने उन्हें इतना कुछ दिया तो उसका तो मान रखो। भाजपा कोई डेमोक्रेटिक पार्टी नहीं है। बंगाल में ममता बनर्जी काे तंग कर रहे हैं। इनके पास सिर्फ ईडी और सीबीआई है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि पंजाब के लोग हमारे साथ हैं।
पंजाब के लोग इन्हें सजा देंगे:
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले तो रवनीत बिट्टू राघव चड्ढा को भला बुरा कह रहा था, अब एक साथ कैसे बैठेंगे। ये पंजाब के गद्दार हैं। इन्हें पंजाब के लोग सजा देंगे। इनके जाने से भाजपा मजबूत नहीं होगी।उसमें तो कैप्टन अमरिंदर सिंह भी शामिल हुए थे।वे ही अब कह रहे हैं कि उनकी कोई बात नहीं सुनती।
मान ने कहा कि पार्टी बड़ी होती है, उसके नेता नहीं। ऐसी कोई करेंसी नहीं बनी जो भगवंत मान को खरीद सके। थोड़ा दुख हुआ है, लेकिन समंदर में से एक लोटा पानी कम हो जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ता। जो पंजाब के नहीं हुए, वे भाजपा के क्या होंगे। पार्टी ने सभी को मान दिया, लेकिन किसी के दिल में क्या है, हम नहीं जान सकते।(साभार एजेंसी)
