योगी सरकार ने लिए महत्वपूर्ण निर्णय

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)18मई,2026

उत्तर प्रदेश भू सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने आठ जिलों में कुल 3,052.73 करोड़ की अनुमानित लागत वाली 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 4,772 आवासीय एवं वाणिज्यिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। परियोजनाओं को यूपी रेरा मुख्यालय में आयोजित 202वीं प्राधिकरण बैठक में मंजूरी दी गई।

परियोजनाओं की संख्या, निवेश राशि व स्वीकृत इकाइयों के मामले में गाजियाबाद सबसे अग्रणी जिला रहा। जिले में कुल 1,936.72 करोड़ की लागत वाली चार परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं के तहत 2,199 इकाइयों का विकास किया जाएगा, जिनमें तीन वाणिज्यिक और एक आवासीय परियोजना शामिल है।

कुल निवेश और इकाइयों की संख्या के मामले में गौतमबुद्ध नगर दूसरे स्थान पर रहा। जिले में 420.50 करोड़ की अनुमानित लागत वाली एक वाणिज्यिक परियोजना को मंजूरी दी गई। इस परियोजना के अंतर्गत 855 वाणिज्यिक इकाइयों का विकास किया जाएगा।

आगरा में 246.94 करोड़ की लागत वाली दो आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई। इन परियोजनाओं के माध्यम से 797 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।

लखनऊ में भी कुल 216.14 करोड़ की लागत वाली दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं के तहत 364 आवासीय इकाइयों का विकास किया जाएगा। मथुरा में 10.28 करोड़ की लागत वाली 81 इकाइयों की एक वाणिज्यिक परियोजना को मंजूरी मिली। वाराणसी में 41.12 करोड़ की लागत वाली एक आवासीय परियोजना को स्वीकृति दी गई।

इसी प्रकार प्रयागराज में 102.69 करोड़ की और बाराबंकी में 78.34 करोड़ की आवासीय परियोजना को स्वीकृति दी गई। रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि यूपी रेरा रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध नियमन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *