(रोहतक,हरियाणा) 11जून,2026
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन हरियाणा के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने मानसरोवर पार्क में एकत्रित होकर अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
इसके बाद यूनियन पदाधिकारियों ने जिला विकास भवन पहुंचकर डीडीपीओ राजपहल चहल और कार्यकारी अधिकारी आंगनबाड़ी दीप्ति सैनी को 19 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
प्रदेश महासचिव पुष्पा दलाल ने कहा कि यदि सरकार और विभाग ने जल्द मांगों का समाधान नहीं किया तो संगठन प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। उन्होंने हड़ताल अवधि का बकाया मानदेय जारी करने, मासिक न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये करने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिलने तक कुशल श्रमिक का दर्जा देने तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई।
यूनियन ने हेल्पर से वर्कर पद पर पदोन्नति के लिए आयु सीमा समाप्त करने, वर्कर से सुपरवाइजर पद पर 50 प्रतिशत पदोन्नति वरिष्ठता के आधार पर देने, इंटरनेट कार्य के लिए 400 रुपये मासिक रिचार्ज राशि और बकाया भुगतान की भी मांग की।
इसके अलावा केंद्रों में बिजली, पानी, पंखों और गैस सिलेंडर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आकस्मिक मृत्यु पर दो लाख रुपये सहायता राशि देने की मांग की गई। इस अवसर पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड सत्यवान, कौशल्या, राजबाला, सुमित्रा, सरला सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)
