मुख्यमंत्री योगी पहुंचे दतिया के पीतांबरा पीठ

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)20जून,2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अल्प प्रवास पर दतिया पहुंचे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड पर था। सुबह मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दतिया एयरपोर्ट पर उतरा, जहां मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ योगी का स्वागत किया।

एयरपोर्ट से काफिला सीधे विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पीतांबरा पीठ के लिए रवाना हुआ। मंदिर परिसर में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। मुख्यमंत्री योगी ने सबसे पहले मां बगलामुखी देवी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे परिसर में स्थित प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर में रहे और पीठ के आचार्यों से आशीर्वाद लिया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उन्हें मां की चुनरी और प्रसाद भेंट किया गया।

मुख्यमंत्री के आगमन से लगभग एक घंटा पहले ही मंदिर में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया था। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर दी गई। दूर-दूर से आए सैकड़ों श्रद्धालु तेज धूप में मंदिर के बाहर इंतजार करते रहे। दर्शनार्थी परेशान हो रहे थे पता चला कि वीआईपी आए हैं, इसलिए रोक दिया। भगवान के घर में भी आम आदमी की सुनवाई नहीं।” करीब सवा घंटे बाद योगी के काफिले के निकलते ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया गया।

दर्शन के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि मुख्यमंत्री योगी मीडिया से संक्षिप्त चर्चा करेंगे। लेकिन सुरक्षा घेरे के बीच योगी बिना रुके सीधे अपनी गाड़ी में बैठे और एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मीडियाकर्मियों को उनसे दूर ही रखा गया। अचानक रवाना होने से स्थानीय संगठन और कार्यकर्ताओं में भी मायूसी दिखी। योगी के दौरे को लेकर दतिया पुलिस-प्रशासन तीन दिन से तैयारी में जुटा था।

ये भी पढ़ें- Shahdol News: डोरी बीनने गई बुआ-भतीजी पर गिरी आकाशीय बिजली, दोनों की मौके पर मौत; घायल महिला का उपचार जारी

एयरपोर्ट से लेकर पीतांबरा पीठ तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था। ट्रैफिक को भी कुछ देर के लिए डायवर्ट किया गया था। हालांकि, इसे योगी का धार्मिक दौरा बताया जा रहा है, लेकिन सियासी गलियारों में इसके मायने भी तलाशे जा रहे हैं। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से उनकी मुलाकात को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। मिश्रा दतिया से ही आते हैं और क्षेत्र में उनका खासा प्रभाव माना जाता है। कुछ महीने बाद होने वाले निकाय चुनावों से पहले इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

करीब डेढ़ घंटे शहर में रुकने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलिकॉप्टर लखनऊ के लिए रवाना हो गया। उनके जाते ही मंदिर में हालात सामान्य हुए और श्रद्धालुओं की भीड़ फिर से मां के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *