भारत ने जीता विमेंस नेशंस कप

National

(नई दिल्ली)21जून,2026

भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया है।

रविवार को ऑकलैंड में खेले गए बेहद रोमांचक खिताबी मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से शिकस्त दी। इस शानदार और ऐतिहासिक कामयाबी के तुरंत बाद हॉकी इंडिया ने पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए बंपर प्राइज मनी की घोषणा कर दी है।

शुरुआती क्वार्टर में ही भारत ने बनाई 2-0 की बढ़त
रविवार को खेले गए इस फाइनल मैच की शुरुआत में मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण बनाए रखा और वे शुरुआती बढ़त हासिल करने के प्रयास में थे। हालांकि, मेहमान भारतीय टीम ने मैच का पहला बड़ा मौका तब भुनाया जब नवनीत कौर को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। नवनीत ने मैच के चौथे ही मिनट में एक जबरदस्त और दमदार स्ट्राइक के साथ इस सेट-पीस को गोल में तब्दील कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद भारतीय टीम ने ट्रांजिशन में कमाल का खेल दिखाया और अपनी आक्रामकता से न्यूजीलैंड के डिफेंस को लगातार छकाया। पहले क्वार्टर में मिले पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर भारत ने अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। मैच के 15वें मिनट में सुनीलिता टोप्पो ने दीपिका के एक तेज शॉट को चतुराई से दिशा दिखाई और गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया, जिससे स्कोर 2-0 हो गया।

PM मोदी ने भी महिला हॉकी टीम पर जताया गर्व:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप में खिताब जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय हॉकी खिलाड़ी देश के लिए गर्व और खुशी लेकर आए हैं। उन्होंने टीम को इस जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि देश के कई युवाओं को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।

हॉकी इंडिया ने किया प्राइज मनी का एलान
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाते हुए हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा “शान, आभार और सम्मान। टीम इंडिया की एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 खिताब जीत का सम्मान करते हुए, हॉकी इंडिया हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य के लिए 1.5 लाख रुपए के नकद इनाम का एलान करता है। उस टीम के लिए एक सही इनाम जिसने देश का मान बढ़ाया है।”(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *