(पटना,बिहार)27जून,2026
बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने राज्य के लाखों किसानों को बड़ी राहत देते हुए कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत 3.96 लाख से अधिक प्रभावित किसानों के बैंक खातों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। यह राशि मार्च 2026 में आई आंधी, तूफान, असामयिक बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को दी गई है।
संकल्प सभागार से किया राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से किसानों के खातों में अनुदान राशि भेजी। इस दौरान उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण किसानों को बार-बार प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है।
13 जिलों के किसानों को मिलेगा लाभ:
मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2026 में आई प्राकृतिक आपदा से सहरसा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, अररिया, बेगूसराय, पूर्णिया, दरभंगा, किशनगंज, खगड़िया, मधुबनी, सुपौल और भागलपुर सहित 13 जिलों में फसलों को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान पहुंचा था। प्रभावित किसानों की रिपोर्ट मिलने के बाद राहत राशि देने की प्रक्रिया शुरू की गई
किसानों के लिए 260.71 करोड़ रुपये का प्रावधान:
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग ने कृषि इनपुट अनुदान के लिए 200 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए। इसके अलावा कृषि विभाग के अनुरोध पर 60.71 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई। इस तरह प्रभावित किसानों की सहायता के लिए कुल 260.71 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, आत्मविश्वास का संबल:
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि इनपुट अनुदान योजना केवल आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं है, बल्कि यह किसानों को आत्मविश्वास और स्थिरता भी प्रदान करती है। इस सहायता से किसान दोबारा खेती शुरू कर सकेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
किसान कल्याण सरकार की प्राथमिकता:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। हाल ही में किसान सम्मान निधि की राशि भी किसानों के खातों में भेजी गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को सीधे मिल रहा है और राज्य के अधिक से अधिक किसानों को इससे जुड़ना चाहिए।
डबल इंजन सरकार किसानों के साथ:
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को सुरक्षित और टिकाऊ बनाने तथा प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार किसानों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद:
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)
