सीएम योगी ने दी 994 करोड़ की सौगात

Uttar Pradesh

(गोरखपुर,UP)24जुलाई,2026

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ अपने गोरखपुर दौरे पर शुक्रवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 813 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी आस्था पर प्रहार करते थे, आज वही आस्थावान बनने का ठेका लेने का दावा कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच 10 वर्षों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन ने 29 चीनी मिलों को बंद किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय और शोषण किया, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने कहा कि आज ‘नए उत्तर प्रदेश’ में विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश में सड़क संपर्क व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है और सरकार लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का काम कर रही है।

टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किमी लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोगों के मुंह से आस्था के उपदेश हास्यास्पद लगते हैं। सपा ने अपने शासन में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन को बाधा पहुंचाई। उसने रामभक्तों पर गोली चलवाई। कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपना अधिवक्ता खड़ा किया। ऐसे लोग आज किस मुंह से आस्था की बात कर रहे हैं।

पर्यटन और आजीविका का माध्यम बन है रामगढ़ताल:

सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का रामगढ़ताल आज पर्यटन का सबसे बड़ा और बेहतरीन केंद्र बन गया है। जबकि 10 वर्ष पूर्व इसकी पहचान सुनसान स्थल, गंदगी और मच्छर के कारण थी। अपराधी हत्या करके यहां शव फेंक जाते थे। अब यह ताल पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। देर रात तक हजारों परिवार यहां भ्रमण करके आनंद लेते हैं। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल के किनारे फिल्मों की शूटिंग हो रही है और हजारों लोगों को आजीविका भी मिल रही है। यह ताल पर्यटन और आजीविका का माध्यम बढ़कर गोरखपुर की एक उपलब्धि बन चुका है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *