(लखनऊ,UP)11अगस्त,2026
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। बुधवार अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश में कमी बनी रहने के बाद 13 अगस्त से पूर्वांचल से मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा बढ़ते हुए मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती परिसंचरण 12 अगस्त तक निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 13 अगस्त से प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।
13 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 14 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसूनी द्रोणी फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से कुछ दक्षिण में बनी हुई है। आने वाले दिनों में इसके प्रभाव और निम्न दबाव क्षेत्र की गतिविधियों के चलते प्रदेश में बारिश का जोर फिर बढ़ सकता है। (साभार एजेंसी)
