(गाजीपुर,UP)20सितंबर,2026
बारिश के मौसम में मवेशियों में संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ने के बीच लंपी वायरस को लेकर पशुपालन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले में अभी लंपी का एक भी मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए विभाग ने बिहार सीमा से सटे गांवों में बेल्ट वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया है। शासन से मिली 1.20 लाख वैक्सीन में से एक महीने में अब तक 62 हजार मवेशियों का टीकाकरण किया जा चुका है।
इस बचाव अभियान में जिले के 16 ब्लॉकों में 48 टीमें लगाई गई हैं। प्रत्येक ब्लॉक में तीन-तीन टीमें मवेशियों का टीकाकरण कर रही हैं। विभाग की प्राथमिकता बिहार सीमा से सटे गांवों में शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करना है। इसके बाद जिले के अन्य गांवों में भी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
बिहार सीमा से संक्रमण का खतरा, इसलिए पहले बॉर्डर बेल्ट:
जिले में करीब नौ लाख मवेशी हैं। भांवरकोल, भदौरा और जमानिया ब्लॉक के कई गांव बिहार सीमा से लगे हैं। विभाग का मानना है कि दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले पशुओं के कारण इन सीमावर्ती क्षेत्रों में संक्रमण का खतरा अधिक हो सकता है। इसी को देखते हुए पहले सीमा से लगे गांवों को टीकाकरण के दायरे में लिया गया है। विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई वैक्सीन के जरिये अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। एक महीने में 62 हजार मवेशियों का टीकाकरण हो अब शेष मवेशियों को भी अभियान से जोड़ने का लक्ष्य है।
अभी एक भी केस नहीं, फिर भी अलर्ट गाजीपुर में अभी तक लंपी का एक भी मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद पशुपालन विभाग संभावित संक्रमण को लेकर एहतियाती कदम उठा रहा है।सीमावर्ती गांवों में पहले टीकाकरण पूरा करने के बाद अन्य क्षेत्रों में भी अभियान चलाया जाएगा।(साभार एजेंसी)
