सीएम भजनलाल ने जेडीए प्रोजेक्ट्स की प्रगति परखी

Rajasthan

(जयपुर) 06नवंबर ,2026

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने जयपुर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय शहरी सुविधाओं से युक्त बनाने के अपने संकल्प को दोहराया।

मुख्यमंत्री ने जेडीए द्वारा संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने रिंग रोड परियोजना, विभिन्न हाउसिंग योजनाओं, सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यों, पार्कों के विकास और आधारभूत ढांचे से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। साथ ही लंबित पड़े कार्यों के शीघ्र निस्तारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जयपुर केवल प्रदेश की राजधानी ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान की पहचान है, इसलिए यहां की हर परियोजना में गुणवत्ता और पारदर्शिता दिखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जयपुर में रहने वाले हर नागरिक और यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सड़क, स्वच्छ वातावरण, सुगम यातायात और सुनियोजित शहरी विकास का अनुभव होना चाहिए। सभी प्रोजेक्ट आमजन की सुविधा को केंद्र में रखकर तैयार किए जाएं और जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *