स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक सफलता

chhatishgarh

(रायपुर,छत्तीसगढ़)10 नवंबर 2026

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु कल 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में इन तीनों शहरों को पुरस्कृत करेंगी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर चयन की औपचारिक जानकारी दी है। यह बड़ी उपलब्धि राज्य में लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों, सफाई मित्रों की निष्ठा और समर्पण तथा नागरिकों के सक्रिय सहयोग और भागीदारी का परिणाम है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के करकमलों से सम्मानित होना समूचे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह सम्मान हजारों सफाई मित्रों की दिन-रात की कड़ी मेहनत और जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का फल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को एक जनआंदोलन बताया और कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक बेहतर और सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी तीनों निकायों की टीमों और नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान अन्य नगरीय निकायों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

केंद्रीय मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने छत्तीसगढ़ की स्वच्छता गतिविधियों और नागरिक सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी की बड़ी सफलता को दर्शाता है। स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है और इसमें मिली यह राष्ट्रीय पहचान अन्य शहरों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।

इस वर्ष सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ निर्धारित की गई है, जो सामूहिक जिम्मेदारी, जनजागरूकता और नागरिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करती है। राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों को विशेष महत्व दिया जाएगा। मंत्रालय ने प्रत्येक चयनित शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है, जिनमें सफाई मित्रों को अनिवार्य रूप से शामिल किया गया है, ताकि उनके योगदान को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल सके। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *