(देहरादून)11 नवंबर 2026
पेंशनरों को सुविधा प्रदान करने के लिए डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र (डीएलसी) के इस्तेमाल को सुनिश्चित करने तथा पेंशन संबंधी दिक्कतों को दूर करने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र अभियान-5 के अंतर्गत साइबर कोषागार, देहरादून की ओर से 30 नवंबर, 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
साइबर कोषागार, देहरादून के मुख्य कोषाधिकारी बी.एन. पाण्डेय ने साइबर कोषागार, देहरादून से पेंशन प्राप्त करने वाले समस्त पेंशनरों को अवगत कराते हुए कहा है कि जिन पेंशनरों को डीएलसी जमा करने में तकनीकी परेशानी आ रही है या पेंशन से संबंधित किसी अन्य प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वे किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार, 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून में आकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इसके लिए पेंशनरों को अपना जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन साथ लाना जरूरी होगा। पेंशनर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु साइबर कोषागार देहरादून में तैनात शिकायत निवारण अधिकारी श्री परमीत सिंह (उपकोषाधिकारी) से मोबाइल नंबर 7500370037, 7590900090 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने पेंशनरों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान का लाभ लेकर अपने डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र और पेंशन से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान करा लें(साभार सू वि)
