स्वच्छता सर्वेक्षण में उप्र का परचम, लखनऊ टॉप थ्री में बरकरार

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)11 नवंबर 2026

स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश के शहरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में लखनऊ एक बार फिर देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में शामिल हुआ है, जबकि वाराणसी ने नदी तटीय नगरों की श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर बनकर उभरा है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के शहरों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को नगरीय प्रबंधन में आए व्यापक बदलाव और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के नगर स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लखनऊ का देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपनी जगह बनाए रखना एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं, धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने नदी तटीय शहरों की श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। गाजियाबाद ने प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल शहरों का नहीं, बल्कि लाखों सफाई मित्रों, नगरीय निकायों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के परिश्रम का परिणाम है। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के निरंतर प्रयासों का ही यह नतीजा है कि प्रदेश के शहर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदेश सरकार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों और आधुनिक नगरीय सुविधाओं को बेहतर बनाने पर लगातार जोर दे रही है। इस अवसर पर राजधानी की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा और नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *