(चंडीगढ़,हरियाणा)11नवंबर 2026
आज हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में प्रदेश सरकार द्वारा की गई बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों की योजनाओं में किए जा रहे आधुनिकीकरण और नागरिक-केंद्रित सुधारों का गहराई से मूल्यांकन किया। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि बजट में की गई सभी घोषणाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तीव्र गति से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य है कि आम आदमी को प्रत्येक सरकारी सुविधा पारदर्शी व्यवस्था के साथ तय समय-सीमा में मिले। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजनाओं को लागू करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जमीनी हकीकत पर निगरानी प्रणाली को और अधिक मजबूत किया जाए और तकनीकी साधनों का अधिकाधिक उपयोग किया जाए। जिससे आम नागरिक को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और सभी सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से आसान और सुलभ तरीके से प्राप्त हो सकें। (साभार सोशल मीडिया)
