ट्रिपल इंजन से विकास को मिलेगी नई रफ्तार:सीएम सैनी

Hariyana

(सोनीपत)05मई,2026

नगर निगम चुनाव के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में मैराथन प्रचार करते हुए ट्रिपल इंजन की सरकार के जरिए विकास को नई रफ्तार देने का दावा किया। सुबह राई से अभियान की शुरुआत कर रात तक 20 जनसभाओं में पहुंचे सीएम ने हर वार्ड में जनसंपर्क किया।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को सुबह 10:52 बजे राई गांव से चुनावी शंखनाद किया। दिनभर में 20 जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा के मेयर व पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। वे देर रात करीब 10:10 बजे तक लोगों के बीच रहे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी इस बार एकतरफा जीत दर्ज करेगी।

सीएम ने कहा कि 2024 विधानसभा चुनाव में किए गए 217 संकल्पों में से 63 पूरे किए जा चुके हैं जबकि शेष पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने निकाय चुनाव के लिए 21 नए संकल्पों का जिक्र करते हुए कहा कि इन पर भी समयबद्ध तरीके से अमल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पहले ही विकास को गति दी है। अब ट्रिपल इंजन सरकार बनने से यह रफ्तार और तेज होगी। शहर में आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, जल प्रबंधन, यातायात और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का काम प्राथमिकता से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दल केवल वादों तक सीमित हैं, जबकि भाजपा जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास करती है। महिलाओं के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि जब अधिकार देने की बात आती है तो विपक्ष पीछे हट जाता है।

वहीं, पंजाब को लेकर आप पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे पूरे नहीं हुए। सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतर रही है। शाम होते ही पंजाब के मुख्यमंत्री खुश हो जाते है। उसके बाद उन्हें सारा पिंड मित्रां दा लगने लगता है।

सीएम ने 20 सभाओं को किया संबोधित:
उनकी अंतिम चुनावी सभा रात 10.10 पर संपन्न हुई।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जगह-जगह स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जनता से मिल रहे सहयोग व उनके आशीर्वाद से सोनीपत नगर निगम चुनाव में भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन व सभी 22 पार्षद प्रत्याशी एकतरफा और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधायक निखिल मदान, कृष्णा गहलावत, देवेंद्र कादियान, पवन खरखौदा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, पूर्व विधायक अनिल ठक्कर सहित कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *