(पटना,बिहार)22नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने गतदिवस लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन अत्यंत भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की पहली प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलवे, हवाई एवं बस सेवाओं की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार तथा अन्य राज्य सरकारों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही, आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं तथा विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें।
प्रकाश पर्व का आयोजन 9 से 16 जनवरी 2027 तक होगा। इस वर्ष का थीम स्लोगन ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ रखा गया है। लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, गंगा नदी के किनारे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला भव्य दीवान हॉल बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए लंगर, आवासन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन के माध्यम से भव्य ड्रोन शो का आयोजन होगा तथा 16 जनवरी 2027 को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी की जाएगी। इसके अलावा, सिख इतिहास एवं परंपरा पर आधारित फोटो गैलरी और विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं बेहतर समन्वय के लिए विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है।(साभार सोशल मीडिया)
