हड़हवा फाटक ओवरब्रिजः नए सिरे से सर्वे-निशान,चार मीटर घटाई चौड़ाई

UP / Uttarakhand

(गोरखपुर) 29सितंबर,2024.

गोरखनाथ मंदिर से हड़हवा फाटक होते हुए एचएन सिंह चौराहे तक बनने वाली फोरलेन-टू लेन सड़क और हड़हवा फाटक ओवरब्रिज की चौड़ाई को लेकर नए सिरे से सर्वे से स्थानीय लोग राहत महसूस कर रहे हैं। दरअसल हड़हवा फाटक के पास जिन मकानों पर पूर्व के सर्वे में 11.50 मीटर पर निशान लगाए गए थे, बीते दिनों वहां 9.50 मीटर तोड़ने का निशान लगाया गया है। इससे लोगों में ओवरब्रिज के आसपास सड़क की चौड़ाई चार मीटर कम होने की उम्मीद जगी है। हालांकि सेतु निगम के अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

मालूम हो कि मुख्ययमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव के पूर्व मार्च में एचएन सिंह चौराहे से हड़हवा फाटक होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक 4.230 किमी सड़क को 245.44 करोड़ की लागत से टू/फोरलेन में चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और 201 करोड़ 24 लाख रुपये से बनने वाले हड़हवा फाटक समपार संख्या 2 पर फोरलेन फ्लाईओवर का शिलान्यास किया था। हालांकि काम शुरू होने के पहले ही स्थानीय लोग ओवरब्रिज के पास सड़क की चौड़ाई कम करने की मांग करने लगे। इसको लेकर अभी मंथन चल रहा है। इस बीच नए सिर से नापजोख शुरू की गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक ओवरब्रिज के आसपास जहां पर सर्विस लेन बनेगी, वहां पूर्व में 34 मीटर पर निशान लगाया था। वहां अब 30 मीटर पर निशान लगाया जा रहा है। हड़हवा फाटक पर जिस मकान पर पूर्व के सर्वे में 11.50 मीटर पर निशान लगाया था। अब उस पर 9.50 मीटर तोड़ने का निशान लगाया गया है।

चौड़ाई कम होने से सर्विसलेन और ओवरब्रिज में दो-दो मीटर की चौड़ाई में राहत मिलने की उम्मीद जगी है। कुल चौड़ाई 34 मीटर निर्धारित थी। इसमें 17 मीटर ओवरब्रिज और साढ़े आठ और साढ़े आठ मीटर का सर्विसलेन रखना था, लेकिन नए सिरे से चार मीटर कम होकर यह 30 मीटर हो जाएगी। नए सिरे से नापजोख होने पर लोगों को राहत की उम्मीद जगी है। दिग्विजयनगर मोहल्ले में नगर निगम के पूर्व उपसभापति और वार्ड के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा की अगुवाई में बैठक करके चौड़ाई कम करने को लेकर बैठक की गई। कम चौड़ाई के आधार पर निशान लगाने पर खुशी व्यक्त की (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *