(वाराणसी UP)18नवम्बर,2024.
देव दीपावली पर गंगा में देर रात तक नौकाओं का संचालन होता रहा। अस्सी से राजघाट के बीच 2200 से अधिक नाव, बजड़ों और क्रूज पर सवार होकर पर्यटकों ने देव दीपावली की भव्यता का दीदार किया। पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए बाहर से भी नाव और नाविकों को बुलाया गया था। देर रात तक दो लाख से अधिक पर्यटकों ने नौका संचालन का आनंद लिया। नाव पर सवार पर्यटक बीच-बीच में हर-हर महादेव का उद्घोष भी कर रहे थे।
देव दीपावली के दिन बजड़ों, नाव और क्रूज के संचालन के लिए साढ़े छह हजार से अधिक नाविकों ने पतवार संभाली थी। नाव, क्रूज और बजड़ाें के अलावा मछली मारने वाली नावों को भी नाविकों ने गंगा में उतार दिया था। गंगा आरती और दीपदान होने के बाद देर रात पहुंचे पर्यटकों ने भी नौकायन का लुत्फ उठाया।
नाविक समाज के शंभू साहनी ने बताया कि इस बार देव दीपावली के उत्सव की भव्यता ज्यादा थी। पर्यटकों की मांग बढ़ने के कारण कैथी और मिर्जापुर से भी नाव मंगाई गई थी। छह हजार से अधिक नाविकों ने पर्यटकों को गंगा की सैर कराई। क्रूज और नावें अगले दो दिनों के लिए बुक हैं।(साभार एजेंसी)