(लखनऊ UP)16मार्च,2025.
रमजान-उल-मुबारक के पाक महीने में महिलाओं ने सजदे में जाकर अल्लाह की पाकीजगी और सर्वशक्तिमान हाेने का इकरार किया। उन्होंने शनिवार को सामूहिक रूप से सलातुत तस्बीह की विशेष नमाज अदाकर 80 सालों से चली आ रही रवायत बरकरार रखी। अपने रब को राजी करने के लिए अल्लाह की बारगाह में हाथ फैला कर दुआ मांगी। नमाज के बाद शाम को होली समारोह के साथ रोजा इफ्तार हुआ, जिसमें काफी तादाद में महिलाओं ने शिरकत कर सौहार्द का पैगाम दिया।
अमीनाबाद स्थित जनाना पार्क में महिला सशक्तीकरण और सौहार्द का संगम नजर आया। बज्म-ए-ख्वातीन ने होली मिलन समारोह और सामूहिक इफ्तार का आयोजन किया गया। इससे पहले दोपहर में सलातुत तस्बीह की नमाज हुई। जिंदगी में कम से कम एक बार पढ़ी जाने वाली इस विशेष चार रकात नमाज को आलिमा फौजिया बानों ने अदा कराई। यह नमाज महिलाएं सामूहिक रूप से सिर्फ लखनऊ में ही अदा करती हैं। बज्म-ए-ख्वातीन की अध्यक्ष बेगम शहनाज सिदरत ने बताया कि संगठन की संस्थापक बेगम सुल्ताना हयात ने करीब 80 साल पहले जनाना पार्क में इस नमाज की शुरुआत की थी।
महिलाओं ने खेली फूलों की होली सामूहिक रूप से किया इफ्तार:
सलातुत तस्बीह की नमाज के बाद शाम को जनाना पार्क में सामूहिक इफ्तार हुआ। इस दौरान महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर एकता और सौहार्द का संदेश दिया। इस मौके पर कोरिया की चौंग, ब्राजील की राहैल, डाॅ. शाहिदा सिद्दीकी, विश्नूमति सेन, सारिका श्रीवास्तव, आफरीन सिददीकी, शाहीन बेगम, रिजवाना खान, निगार आदि मौजूद रहीं। संचालन नशत हयातउल्लाह ने किया।
नमाज-ए-तरावी के दो पारों का दौर भी मुकम्मल:
रमजान उल मुबारक के 14 रोजे पूरे होने के साथ ही नमाज-ए-तरावीह में दो पारों की कुरान का दौर भी मुकम्मल हो गया। रोजेदारों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर अपने रब का शुक्र अदा किया और दुआएं मांगी। पाटानाला स्थित मस्जिद सुब्हानियां में कारी मोहम्मद सिददीक ने तरावीह की नमाज पढ़ाई। इरादत नगर स्थित चमन वाली मस्जिद में हाफिज मोहम्मद सुफियान, मदार बख्श मस्जिद में मौलाना असदउल्लाह और हजरतगंज डालीबाग मस्जिद में मौलाना शमीम ने तरावीह की नमाज अदा कराई।(साभार एजेंसी)